अमेठी सिटी। गौरीगंज क्षेत्र में अपने एक रिश्तेदार की दुकान पर काम करने वाले अयोध्या के युवक और उसके साले पर दबंगों ने लाठियों व लोहे की राॅड से हमला कर दिया। हमले में तीन लोग घायल हुए हैं। एक घायलों को गंभीर हालत में लखनऊ के ट्राॅमा सेंटर रेफर किया गया है। आरोप है कि इस दौरान 76 हजार रुपये से भरा एक बैग गायब हो गया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र के मझनावा गांव निवासी यदुनाथ ने बताया कि वह गौरीगंज टिकरिया में अपने एक रिश्तेदार की दुकान पर काम करता था। सोमवार की देररात दुकान बंद कर अयोध्या के बीकापुर थाना क्षेत्र के परसीपुर गांव निवासी अपने साले महेश शर्मा के साथ जा रहा था। तभी अयोध्या के बीकापुर इलाके के परसीपुर गांव निवासी रिंकू शर्मा और मोनू शर्मा ने लोहे की राॅड व डंडों से महेश शर्मा पर हमला कर दिया। जब यदुनाथ व उसका एक अन्य साथी भरत को बचाने पहुंचे तो दबंगों ने इन पर भी हमला कर दिया।
हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हुए। अन्य लोगों को आता देखकर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। घटना के बाद पीड़ित जिला अस्पताल पहुंचे। वहां से महेश शर्मा को लखनऊ के ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। यदुनाथ का आरोप है कि हमले के दौरान महेश शर्मा का बैग गायब हो गया। जिसमें 76 हजार रुपये रखे थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।