अमेठी सिटी। जगदीशपुर और जामो ब्लॉक के बीच नैय्या नाले पर पुल नहीं होने से आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ती है। आदिलपुर और नौडाड़ के बीच नाला पार करने के लिए लोगों को करीब सात किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। अब ग्रामीणों को इस समस्या से निजात मिलने वाली है। आदिलपुर के पास नैय्या नाले पर पुल निर्माण के लिए शासन ने 7.93 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। पुल बनने से आसपास के करीब 50 हजार लोगों का आवागमन सुगम हो जाएगा।
आदिलपुर, छोटा आदिलपुर, नौडाड़, बहादुरगंज, मठिया, कटकरपुर, पूरे पाठकन, चौड़ीपुर, नया पुर, हरपालपुर और राजपुर समेत आसपास के कई गांवों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। अभी नाले के कारण ग्रामीणों को बाजार, स्कूल-कॉलेज, अस्पताल और ब्लॉक मुख्यालय पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। बरसात के दिनों में नाले में पानी बढ़ने से आवागमन और मुश्किल हो जाता है। विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में देरी होती है, वहीं मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी परेशानी उठानी पड़ती है। किसानों को खेतों तक पहुंचने और उपज बाजार ले जाने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
आदिलपुर निवासी रामलाल यादव ने बताया कि पुल नहीं होने से कम दूरी तय करने के लिए भी कई किलोमीटर घूमकर जाना पड़ता है। इससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है। पुल बनने से रोजमर्रा के काम आसान हो जाएंगे। नौडाड़ निवासी विनोद कुमार ने कहा कि पुल बनने से विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। बरसात में नाले के कारण रास्ता प्रभावित होने की समस्या भी दूर होगी।
राजपुर निवासी राजेश विश्वकर्मा के मुताबिक, पुल बनने से बाजार और ब्लॉक मुख्यालय तक पहुंचना आसान हो जाएगा। अभी जरूरी काम के लिए भी लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। बहादुरगंज निवासी सुरेश पाल ने बताया कि पुल बनने से किसानों को खेतों तक पहुंचने और उपज बाजार ले जाने में सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने से दोनों ब्लॉकों के बीच संपर्क बेहतर होगा और आसपास के गांवों के लोगों को लंबा चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
पुल के साथ बनेगा पहुंच मार्ग
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड के अभियंता रमेश चंद ने बताया कि नैय्या नाले पर पुल निर्माण के लिए शासन से 7.93 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। परियोजना के तहत पुल के साथ दोनों ओर पहुंच मार्ग भी बनाया जाएगा। इसी महीने से निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी है।