अमेठी। रामगंज व भुसियावां के बीच निर्माणाधीन टू लेन सड़क पर बीररामपुर गांव के पास गुलालपुर ड्रेन पर पुल निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। पुल के निर्माण पर 1.76 करोड़ रुपये की लागत आएगी। संकरे व जर्जर पुल के स्थान पर नया चौड़ा पुल बनने से लोगों का सफर सुरक्षित होगा।
मुसाफिरखाना-गौरीगजं-प्रतापगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रामगंज व मुसाफिखाना-अमेठी मार्ग पर भुसियावां को जोड़ने वाली 40 वर्ष पुरानी सड़क पिछले दिनों दो लेन की घोषित हुई। यह सड़क शाहगढ़ ब्लॉक मुख्यालय से होकर गुजरती है।
15 करोड़ 91 लाख 59 हजार रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क का निर्माण (तीन किलोमीटर के विवादित हिस्से को छोड़कर) तकरीबन अंतिम चरण में है। इसी सड़क पर बीररामपुर गांव के पास गुलालपुर ड्रेन पर बना कम चौड़ाई का पुल काफी जर्जर था। सड़क के साथ शासन ने इस पुल को भी नया बनाने की स्वीकृति दी थी।
कार्ययोजना को शासन की स्वीकृति मिलने के बाद एक करोड़ 76 लाख 49 हजार रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल का निर्माण भी शुरू हो गया है। पहले वाले जर्जर व सकरे पुल के स्थान पर अब यह पुल 8.4 मीटर चौड़ा व 21 मीटर लंबा होगा। नए पुल का निर्माण पूरा होने से लोगों का सफर सुरक्षित व आसान हो सकेगा।
पुल के जर्जर स्थिति में होने के कारण यहां आए दिन दुर्घटना होती है। वहीं पुल के अत्यंत संकरा होने से बड़ी और लोडर गाडिय़ों का आवागमन पूर्णतया बाधित हो गया था। इस पुल के महत्व को इससे भी समझा व जाना जा सकता है कि यह पुल ब्लॉक को सीधे जिला मुख्यालय से जोड़ता है।