जगदीशपुर। रायबरेली-अयोध्या एनएच-330ए पर सिधियांवा से मंगौली के बीच 2.8 किलोमीटर लंबा बाईपास अब तक अधूरा है। यह लखनऊ-वाराणसी फोर लेन और रायबरेली-जगदीशपुर-अयोध्या हाईवे को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण लिंक मार्ग है।
जगदीशपुर से अयोध्या तक 60 किलोमीटर फोर लेन सड़क तैयार है, जबकि श्रीरामगंज चौराहे से रायबरेली तक 42 किलोमीटर निर्माण भी एक वर्ष पहले पूरा हो चुका है। इसके विपरीत बाईपास का कार्य दो वर्ष से अधिक समय से धीमी प्रगति के कारण अधर में है। इसकी वजह से जगदीशपुर कस्बे में दिनभर जाम की स्थिति रहती है और सबसे ज्यादा परेशानी अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं को झेलनी पड़ रही है।
बाईपास निर्माण में देरी का असर सीधे कस्बे की यातायात व्यवस्था पर दिख रहा है। भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग न होने के कारण मुख्य सड़क से गुजरना पड़ रहा है। इससे ट्रैफिक अव्यवस्थित रहता है। छोटे वाहन चालकों को रोज जाम और जोखिम का सामना करना पड़ रहा है।
सप्ताह भर में पूरी हो जाएगी पुलिंग
एसकेएस संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर आरवी सिंह ने बताया कि स्टील गर्डर तैयार है। रेलवे इंजीनियरिंग टीम मौके पर मौजूद है। ब्लॉक मांगा गया है। उम्मीद है कि सप्ताह के भीतर पुलिंग पूरी हो जाएगी। इसके बाद सड़क निर्माण तेजी से आगे बढ़ेगा। निहालगढ़ स्टेशन अधीक्षक एलएल मीणा ने कहा कि ब्लॉक का आवेदन लंबित है। शनिवार को ब्लॉक मिलने की संभावना है। इसके बाद गर्डर चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू होगी।
भारी वाहनों से कस्बे में बढ़ रहा दुर्घटना का खतरा
मुख्य सड़क पर लगातार भारी वाहनों के गुजरने से भीड़ बढ़ रही है। इससे ट्रैफिक धीमा रहता है और छोटे वाहनों को परेशानी होती है। कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। लोग चाहते हैं कि बाईपास जल्द पूरा हो ताकि कस्बे में राहत मिले।
स्टील गर्डर तैयार, पुलिंग की प्रक्रिया जल्द शुरू
जगदीशपुर-रायबरेली मार्ग के 50.120 किलोमीटर निर्माण पर 369 करोड़ की स्वीकृति है। सिधियांवा-मंगौली खंड पर 15 करोड़ की लागत से रेलवे पुल बनाया जा रहा है। पुल का एक हिस्सा तैयार है, जबकि दूसरी तरफ का फेब्रिकेशन भी पूरा है। रेलवे ब्लॉक मिलते ही पुलिंग शुरू होनी है। इंजीनियरिंग विभाग की टीम लखनऊ से स्थल पर पहुंच चुकी है। कार्यदायी संस्था ब्लॉक मिलते ही फेब्रिकेटेड स्टील गर्डर को पुलिंग पर चढ़ाने की तैयारी में है। क्रेन लगने से ब्लॉक की संभावना और मजबूत मानी जा रही है। पुल के दोनों ओर 450 मीटर सड़क का निर्माण बाकी है, जो पुलिंग के बाद तेजी पकड़ लेगा।
जगदीशपुर कस्बे में अधूरा पड़ा रायबरेली-अयोध्या हाईवे का बाईपास व कस्बे से गुजर रहे वाहन।
जगदीशपुर कस्बे में अधूरा पड़ा रायबरेली-अयोध्या हाईवे का बाईपास व कस्बे से गुजर रहे वाहन।