अमेठी सिटी। महिलाओं को स्वरोजगार के समूह के माध्यम से ऋण उपलब्ध करवाने की योजना में शाखा क्रेडिट प्रबंधक पर धांधली का आरोप लगा है। एफडी व बैलेंस चेक करने के बहाने 180 महिलाओं की बायोमीट्रिक करवाते हुए धोखे से करीब 2.39 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है।
अमेठी कस्बे में स्थित निजी बैंक में मिर्जापुर जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र के रैपुरी गांव निवासी रोहित कुमार शाखा क्रेडिट प्रबंधक पर दो साल से काम कर रहा है। रोहित पर शाखा प्रबंधक सत्येंद्र सिंह ने गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि रोहित कुमार ने समूह की महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आसान किस्तों में ऋण मुहैया करवाने की योजना में धांधली करने की बात कही। कहा कि लेनदेन में गड़बड़ी की आशंका पर पंजिका व नकदी का मिलान किया तो बड़ी गड़बड़ी सामने आई।
आरोप है कि एफडी व बैलेंस जांच के दौरान 180 महिला उपभोक्ताओं के अंगुली से बायोमीट्रिक पूरी करते हुए धोखे से करीब 2.39 लाख रुपये हड़प लिए गए। जांच में मामला पकड़ में आने के बाद आरोपी ने धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार करते हुए पूरे पैसे वापस करने की बात कही है लेकिन अब तक पैसा वापस नहीं किया और जान से मारने की धमकी दे रहा है। एसएचओ बृजेश सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।