बाजार शुकुल में फिल्म निर्माता-निर्देशक अनुराग कश्यप का पुतला फूंकते लोग।-स्रोत : संवाद
बाजारशुकुल (अमेठी)। फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप की सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी से आक्रोशित ब्राह्मण समाज के लोगों ने रविवार को कस्बा स्थित अंबेडकर चौराहे पर विरोध प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। इस दौरान ब्राह्मण एकता जिंदाबाद और अनुराग कश्यप मुर्दाबाद के नारों के बीच प्रदर्शनकारियों ने रोष जताया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अनुराग कश्यप ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से ब्राह्मण समाज के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी की है, जिससे समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने मांग की कि इस मामले में त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी वर्ग विशेष पर अभद्र टिप्पणी करने का साहस न कर सके। पुतला दहन के पश्चात ब्राह्मण समाज के लोग बाजारशुकुल थाने पहुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन थानाध्यक्ष को सौंपा।
इसमें अनुराग कश्यप के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो ब्राह्मण समाज प्रदेशव्यापी आंदोलन करने को बाध्य होगा। इस मौके पर शुभम शुक्ला, रमेश तिवारी, उदय नारायण मिश्रा, अरुण शुक्ला, अभिषेक शुक्ला, विजय शुक्ला, राकेश शुक्ला आदि मौजूद रहे।