अमेठी सिटी। कृषि विभाग की ओर से संचालित यंत्रीकरण योजनाओं के तहत विभिन्न यंत्रों और उपकरणों को अनुदान पर उपलब्ध कराने की योजना है। चार फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन करते हुए टोकन जनरेट कराने को कहा गया है।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि विभाग की ओर से योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे जा रहे हैं। उपनिदेशक कृषि सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि बुधवार की दोपहर से विभागीय पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। चार फरवरी रात 12 बजे तक कृषि यंत्र क्रय करने के लिए आवेदन किया जा सकता है।
पोर्टल पर किसानों को अपना आवेदन करते हुए टोकन जनरेट करना अनिवार्य होगा। अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद कोई आवेदन मान्य नहीं होगा। लक्ष्य अवशेष न रहने पर व ई-लाॅटरी में चयनित न होने वाले किसानों को जमानत धनराशि वापस कर दी जाएगी। चयनित किसान स्वीकृत यंत्र खरीदकर विभाग को सूचित करेगा। विभाग की ओर से सत्यापन कराने के बाद अनुदान राशि किसानों के खाते में पोर्टल के माध्यम से भेजी जाएगी।