अमेठी। अमेठी दुर्गापुर मार्ग स्थित वेदांत नगर लाला का पुरवा में बृहस्पतिवार को बोलेरो बाइक सवार को टक्कर मारते हुए दुकान में घुस गई। घटना में बाइक सवार घायल हो गया। दो बाइक, तीन साइकिल एवं दुकान क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है। थाना क्षेत्र रामगंज के गांव मवइया निवासी गौरव शुक्ल (26) अपनी बाइक से अमेठी दुर्गापुर मार्ग से जा रहे थे। रास्ते में भरेथा के लाला का पूर्व वेदांत नगर के पास सामने से आ रही बोलेरो ने गौरव की बाइक में टक्कर मार दी, और उसे घसीटते हुए कुछ दूर ले गई। इसके बाद बोलेरो सड़क किनारे स्थित विपिन चंद्र तिवारी की आटा चक्की एवं दुकान में टीन शेड तोड़ते हुए घुस गई। वहां दुकान के सामने खड़ी दो बाइक एवं तीन साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। दुकान में रखा सामान एवं टीन शेड क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने एंबुलेंस कर्मियों की मदद से गंभीर रूप से घायल गौरव को सीएचसी भादर भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। उप निरीक्षक राणा उदय भान सिंह ने बताया कि वाहन चालक को हिरासत में लिया गया है। वहीं, एक अन्य घटना में थाना क्षेत्र संग्रामपुर के तारापुर निवासी ओमप्रकाश बाइक से घर की ओर जा रहे थे। कालिकन मोड़ के समीप सड़क हादसे में घायल हो गए। एंबुलेंस कर्मियों की मदद से घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया।