संग्रामपुर के गुजीपुर मजरे पांडेय का पुरवा गांव में रोते-बिलखते परिजन। -संवाद
संग्रामपुर। गुजीपुर मजरे पांडेय का पुरवा गांव में तीन दिन से लापता सतीश वर्मा (16) का शव बृहस्पतिवार को घर से करीब 150 मीटर दूर धान के खेत में मिला। पिता ने चाट दुकानदार समेत तीन लोगों पर बेटे की हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस की प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत होने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने डॉग स्क्वॉयड और फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए।
बद्री प्रसाद वर्मा के मुताबिक, सतीश सोमवार को कालिकन धाम स्थित चाट की दुकान पर काम करने के लिए घर से निकला था। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। जानकारी नहीं मिलने पर बुधवार को गुमशुदगी दर्ज कराई गई। बृहस्पतिवार को घर से करीब 150 मीटर दूर धान के खेत में उसका शव मिला।
पिता ने चाट दुकानदार और दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि सोमवार शाम दुकानदार ने किसी बात से नाराज होकर सतीश को दौड़ाया था। परिवार ने इसी घटना के बाद से उसके साथ अनहोनी की आशंका जताई है। हालांकि, हत्या के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, किशोर के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं दिखाई दे रहे थे।
डॉग स्क्वॉयड ने की जांच, संदिग्धों से पूछताछ
सूचना पर इंस्पेक्टर संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉयड की मदद से घटनास्थल के आसपास जांच कराई गई। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजनों और अन्य लोगों के बयान दर्ज करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत की आशंका है। परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बेटे का शव देखकर बिलख पड़े परिजन
सतीश का शव देखकर पिता बद्री प्रसाद वर्मा बिलख पड़े। मां विमला देवी और बहन सलोनी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। गांव में भी शोक का माहौल रहा।