फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: 80 केंद्रों पर आज से होगी बोर्ड परीक्षा

Mon, 24 Feb 2025 12:22 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
विज्ञापन
अमेठी सिटी। यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर प्रशासन स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी स्कूलों में पहले दिन की परीक्षा का सीटिंग प्लान तैयार कर उसके अनुरूप परीक्षार्थियों की पर्चियां डेस्क पर चिपकाई जा चुकी हैं। सभी स्कूलों के सूचना बोर्ड पर कक्षवार सीटिंग प्लान चस्पा कर दिया गया है। पुलिस सुरक्षा के बीच सोमवार सुबह से परीक्षा की शुरुआत हो जाएगी। वहीं रविवार को ही परीक्षार्थी केंद्रों पर अपनी सीट समझने के लिए पहुंचते रहे।
विज्ञापन




जिले में संचालित 248 माध्यमिक स्कूलों में हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा के लिए 48,398 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इस बार 80 माध्यमिक स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सोमवार से बोर्ड परीक्षा की शुरुआत दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 8.30 से 11.45 बजे तक तो दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर बाद दो से 5.15 बजे तक होगी। इस बार हाईस्कूल में 25,685 विद्यार्थी तो इंटर में 22,713 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। पहले दिन हाईस्कूल की प्रथम पाली में हिंदी व प्रारंभिक हिंदी और दूसरी पाली में हेल्थ केयर विषय की परीक्षा होगी। इसी तरह इंटर की पहली पाली में सैन्य विज्ञान और दूसरी पाली में हिंदी और सामान्य हिंदी विषय की परीक्षा होगी। परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।


सभी परीक्षा केंद्रों पर 50 फीसदी कक्ष निरीक्षक बाहरी लगाए गए हैं। जिले को चार जोन और 13 सेक्टर में बांटकर जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन के कंट्रोल रूम की कमान अतिरिक्त मजिस्ट्रेट रामकेवल त्रिपाठी को सौंपी गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी और वॉयस रिकाॅर्डर को सक्रिय करने के बाद इंटरनेट से जोड़ दिया गया है। परीक्षार्थियों के साथ ही कक्ष निरीक्षकों की प्रत्येक गतिविधि पर स्कूल के साथ ही जीआईसी में बने कंट्रोल रूम से नजर रखी जाएगी।
विज्ञापन



किसी भी परीक्षा केंद्र पर होने वाली संभावित गतिविधि पर नजर रखते हुए तत्काल उसे लेकर प्रशासन स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा चार उड़ाका दल जिला स्तरीय व दो उड़ाका दल परीक्षा केंद्र स्तर पर गठित किए गए हैं। स्कूल स्तर पर गठित उड़ाका दल में तीन सदस्यों को शामिल किया गया है। डीआईओएस डॉ. राजेश द्विवेदी ने बताया कि बोर्ड परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रश्नपत्र व उत्तर पुस्तिकाएं सभी परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गई हैं। सोमवार से शुरू हो रही परीक्षा 12 मार्च तक चलेगी।




डीआईओएस व बीएसए उड़ाका दल में शामिल
बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए जिला प्रशासन ने चार उड़ाका दल का गठन किया है। पहले दल का नेतृत्व डीआईओएस डॉ. राजेश द्विवेदी, दूसरे दल का नेतृत्व बीएसए संजय तिवारी, तीसरे का नेतृत्व जीआईसी अफुइया की प्रधानाचार्य अनिल राबिया और चौथे दल का नेतृत्व जीआईसी जायस के प्रधानाचार्य राहुल सिंह करेंगे। प्रत्येक उड़ाका दल में चार लोग रहेंगे। जिसमें महिला व पुरुष शिक्षक के साथ ही दो कांस्टेबल मौजूद रहेंगे। बोर्ड परीक्षा के पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी डायट प्रतापगढ़ के प्राचार्य रमेश कुमार तिवारी को दी गई है।




30 मिनट पहले पहुंचना होगा
परीक्षार्थियों को संबंधित केंद्रों पर परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले पहुंचना होगा। मुख्य गेट पर तलाशी व सीटिंग प्लान के अनुसार बैठाए जाने के लिए यह व्यवस्था की गई है। परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पूरी तरह से प्रतिबंधित की गई है। अगर कोई परीक्षार्थी अपने साथ मोबाइल फोन परीक्षा केंद्र तक ले जाता है तो गेट के बाहर लगाए गए कर्मचारी के पास इसे जमा करना होगा। कक्ष निरीक्षकों के मोबाइल फोन भी यहीं जमा करा लिए जाएंगे।
विज्ञापन






बोर्ड परीक्षा एक नजर में
परीक्षा केंद्र- 80
राजकीय विद्यालय - 12
अशासकीय विद्यालय- 22
वित्तविहीन विद्यालय - 46
जिला स्तरीय उड़ाका दल की संख्या-04
स्कूल स्तर पर गठित सचल दल- 02
कुल परीक्षार्थियों की संख्या- 48389
हाईस्कूल परीक्षार्थियों की संख्या- 25685
इंटरमीडिएट परीक्षार्थियों की संख्या- 22713
कुल कक्ष निरीक्षकों की संख्या- 2951
प्राथमिक शिक्षकों की संख्या- 1537
इंटरमीडिएट शिक्षकों की संख्या-1414
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें