गौरीगंज (अमेठी)। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटा माध्यमिक शिक्षा विभाग कक्ष निरीक्षकों की तैनाती करने में जुटा है। परीक्षा की शुचिता कायम रहे इसके माध्यमिक स्कूल में कार्यरत शिक्षकों को दूसरे स्कूल से संबद्ध करने के साथ ही प्राथमिक स्कूलों के शिक्षकों को केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया है।
जिले के 81 परीक्षा केंद्रों पर 18 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षा की निगरानी 836 प्राथमिक स्कूल के शिक्षक समेत कुल 2,656 शिक्षकों पर होगी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटा माध्यमिक शिक्षा विभाग इन दिनों कक्ष निरीक्षकों की तैयारी में जुटा है।
परीक्षा के लिए चिन्हित 81 परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक की मांग पर 2,656 शिक्षकों की ड्यूटी बोर्ड परीक्षा में लगाई जानी है। कवायद सफल हो सके व परीक्षा की सुचिता कायम रहे इसके लिए डीआईओएस ने इंटर कॉलेज में कार्यरत शिक्षकों को दूसरे स्कूल से परीक्षा के दौरान संबद्ध करते हुए 836 शिक्षकों की मांग बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से की है।
डीआईओएस जयकरन लाल वर्मा ने बताया कि जिले में 18 फरवरी से 81 स्कूलों में शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा में 2,656 शिक्षकों की ड्यूटी लगाने का काम अंतिम दौर में है। सूची फाइनल होने के बाद शिक्षकों को पत्र जारी कर कार्यभार ग्रहण कर नकल विहीन परीक्षा संपादित करवाने का निर्देश दिया जाएगा। परीक्षा की शुचिता प्रभावित होने तथा कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।