अमेठी तहसील परिसर में प्रदर्शन करते किसान। स्रोत: संगठन
अमेठी। किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) ने शुक्रवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों ने किसानों की मांगों को उठाते हुए नारेबाजी की। इसके बाद एसडीएम पंकज मिश्र के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित छह सूत्री मांगपत्र भेजकर समस्याओं के समाधान की मांग की।
संगठन ने गेहूं का समर्थन मूल्य पांच हजार रुपये और गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग की। किसान नेताओं का कहना है कि डीजल, खाद, बीज और मजदूरी की लागत बढ़ने से खेती करना महंगा हो गया है। ऐसे में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना चाहिए।
मांगपत्र में बेमौसम बारिश से धान, मक्का और मूंग की फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई। किसानों को समय से सस्ते बीज उपलब्ध कराने और आलू का उचित मूल्य दिलाने के साथ जरूरत पड़ने पर सरकारी खरीद शुरू कराने की मांग की गई।। प्रदर्शन में गुड्डा, बैजनाथ आदि किसान मौजूद रहे।