अमेठी सिटी। मनीषी महाविद्यालय गौरीगंज में भारतीय जनता पार्टी की ओर से बृहस्पतिवार को विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर प्रदर्शनी और संगोष्ठी का आयोजन हुआ। इसके बाद मौन जुलूस निकाला गया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कहा कि आज हमें विभाजन की उस विभीषिका को केवल इतिहास की घटना मानकर भूलना नहीं चाहिए। यह स्मरण कराता है कि जब हम अपनी एकता, अखंडता और सांस्कृतिक बंधुत्व की रक्षा में सतर्क नहीं रहते, तब शत्रु शक्तियां अवसर पाकर विनाश का बीज बो देती हैं। प्रदेश प्रवक्ता समीर सिंह ने कहा कि 1947 का वह कालखंड केवल राजनीतिक सीमाओं का पुनः आलेखन नहीं था, अपितु लाखों–करोड़ों निर्दोषजनों के जीवन पर अमिट घाव छोड़ गया। माता-पिता अपनी संतानों से बिछुड़ते देख रो पड़ीं, गांव और नगर उजड़ गए, संस्कृति के सूत्र टूटे और असंख्य परिवार बेघर हुए।
लाखों लोग शरणार्थी बने, माताओं-बहनों की अस्मिता लूटी गई, बच्चों का भविष्य अंधकार में डूब गया, जबकि कई वीर सपूत मातृभूमि की रक्षा करते हुए बलिदान हुए। उन्होंने कहा कि हमारा पावन कर्तव्य है कि मातृभूमि की रक्षा के लिए सजग, संगठित और समर्पित रहें। जाति, भाषा, क्षेत्र और संप्रदाय से ऊपर उठकर एक भारत, श्रेष्ठ भारत का निर्माण करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित लोगों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि विभाजन की पीड़ा सदैव स्मरण रहेगी और राष्ट्र की अस्मिता और अखंडता की रक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री प्रभात शुक्ला ने किया। संगोष्ठी के बाद मौन जुलूस निकालकर गौरीगंज ब्लॉक मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और भारत माता के अमर वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव, रामप्रसाद मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष गिरीश शुक्ला, वरिष्ठ नेता गोविंद सिंह चौहान, चंद्रमौलि सिंह, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विषुव मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि उमेश सिंह आदि पस्थित रहे।