अमेठी/जायस। भाजपा हिंदू मुस्लिम को लड़ाने और बांटने की राजनीति करती है। भाजपा के लोग डबल इंजन की सरकार की बात करते हैं। मोदी का डबल इंजन अडानी के काम आया तो योगी के इंजन में 26000 स्कूल बंद हो गए। मिडडे मील में बच्चे नमक रोटी खा रहे हैं। यह बातें बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने अमेठी गौरीगंज और जायस में रोड शो करने के बाद पत्रकार वार्ता में कहीं।
आप सांसद ने अमेठी नगर पंचायत से पार्टी उम्मीदवार रीना जायसवाल के समर्थन में शहर के देवीपाटन मंदिर से लेकर सगरा तिराहा गांधी चौक अंबेडकर तिराहा ददन सदन तिराहा होते हुए रोड शो किया। उन्होंने जायस और अमेठी के गांधी चौक पर भी लोगों को संबोधित किया। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य मंत्री योगी आदित्य नाथ को जमकर निशाने पर लिया।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी वादा नहीं गारंटी देती है। नगर अमेठी में पार्टी प्रत्याशी रीना जायसवाल के पक्ष में बात करते हुए उन्होंने कहा कि यदि हमारी पार्टी की चेयरमैन बनती है तो हाउस टैक्स और वाटर टैक्स का पुराना बकाया माफ किया जाएगा। दिल्ली मॉडल की तरह अमेठी में भी मोहल्ला क्लीनिक आदि योजनाओं के संचालन की बात कही।
कहा कि वोट नहीं रसगुल्ला है झाड़ू खुल्लम खुल्ला है यह पहली बार अमेठी में देखने को मिला है। उन्होंने दिल्ली में केजरीवाल मॉडल को बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता जाति और धर्म के नाम पर अब वोट नहीं देगी, जनता बदलाव के मूड में है।
सत्ताधारी दल पर प्रहार करते हुए कहा कि यह झूठे आरोप लगाते हैं और झूठे केस में फंसाने का काम करते हैं। कहा कि कल ईडी ने मुझसे चिट्ठी लिखकर गलती मानी है। इस मौके पर पार्टी जिलाध्यक्ष हरिशंकर जायसवाल, अतुल सिंह, रीना जायसवाल, धर्मेंद्र नाथ शुक्ला, मुनव्वर अली सैफी, कंचन गुप्ता, बबलू कसौधन व बृजेश कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।
उधर, जायस में सभा को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने कहा कि जब तक जीवित रहूंगा तब तक अमन चैन के लिए काम करता रहूंगा। इस मौके पर आप प्रत्याशी राजकुमारी निर्मल, लालजी निर्मल, नदीम अशरफ जायसी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।