अमेठी सिटी। जिला अस्पताल की लैब में लगी ऑटोमेटिक बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन एक सप्ताह से खराब है, जिसके कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मात्र एक मशीन संचालित होने से मरीजों को जांच रिपोर्ट के लिए दूसरे दिन आना पड़ता है।
जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में दो ऑटोमेटिक बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीनें लगी हैं। जिनसे किडनी, लिवर, यूरिया, यूरिक एसिड, प्रोटीन समेत करीब 30 प्रकार की जांचें की जाती हैं। अस्पताल में औसतन इस मशीन से करीब 200 से अधिक मरीजों को जांच होती है। अभी सिर्फ एक मशीन ही संचालित हो रही है। ऐसे में मरीजों को करीब तीन बजे तक इंतजार करना पड़ता है या उन्हें जांच रिपोर्ट लेने व दिखाने के लिए दूसरे दिन चक्कर काटना पड़ता है। बुधवार सुबह सीबीसी जांच मशीन में खराबी आ गई थी। दोपहर में पहुंचे कंपनी के इंजीनियर सीबीसी जांच मशीन की तकनीकी खराबी को ठीक कर दिया, लेकिन एनालाइजर मशीन ठीक नहीं हो पाई।
लैब प्रभारी व टेक्नीशियन विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि एलएफटी, केएफटी आदि जांच के लिए औसतन करीब 200 से अधिक मरीज आते हैं। बताया कि सीबीसी जांच मशीन ठीक हो गई है, लेकिन ऑटोमेटिक बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन के पार्ट खराब हैं। पार्ट आने के बाद मशीन की खराबी ठीक हो पाएगी। सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि इंजीनियर को बुलाया गया है। मशीन ठीक कराकर जांच शुरू करा दी जाएगी।