अमेठी सिटी। गौरीगंज के टिकरिया-महराजपुर मार्ग पर रेल नीर मोड़ के पास बुधवार रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में पूरे इंदई संभावा गांव निवासी केटीएल कंपनी के स्टोर मैनेजर ज्ञानेंद्र पांडेय (26) की मौत हो गई। दूसरी बाइक का सवार घायल होने के बाद भी मौके से भाग निकला। ज्ञानेंद्र की मौत से परिवार में मातम पसरा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कमलेश के मुताबिक उनका बेटा ज्ञानेंद्र केटीएल कंपनी में स्टोर मैनेजर के पद पर काम करता था। बुधवार रात ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में टिकरिया-महराजपुर मार्ग पर रेल नीर मोड़ के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसे में ज्ञानेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी बाइक का सवार भी घायल हुआ, लेकिन वह मौके से चला गया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचना देकर ज्ञानेंद्र को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मोड़ पर अचानक सामने से बाइक आने के कारण दोनों वाहन अनियंत्रित होकर भिड़ गए। रात होने के कारण बाइक सवारों ने हेलमेट पहना था या नहीं, इसकी जानकारी नहीं हो सकी।
सीओ अखिलेश वर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से दूसरे बाइक सवार की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
ज्ञानेंद्र की मौत से मां सावित्री का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार लोगों से बेटे के बारे में पूछ रही थीं। मां के सवाल सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। बहन ज्योति और भाई शिवांश बिलख रहे हैं। पिता कमलेश बेटे की मौत से गमगीन हैं।