भनियापुर के टोपरी गांव में श्रीमद्भागवत कथा सुनते श्रद्धालु। स्रोत: आयोजक
शाहगढ़। भनियापुर के टोपरी गांव में बृहस्पतिवार को श्रीमद्भागवत कथा के अंतिम दिन प्रवाचक विनय शास्त्री ने सुदामा चरित्र का वर्णन करते हुए मित्रता, प्रेम, विश्वास और धर्म-कर्म का महत्व बताया। कहा कि सच्ची मित्रता में अमीरी-गरीबी, ऊंच-नीच और पद-प्रतिष्ठा का भेद नहीं होता। भगवान श्रीकृष्ण ने अपने बालसखा सुदामा का जिस आत्मीयता से स्वागत किया, उससे समाज को समानता और अपनत्व का संदेश मिलता है।
प्रवाचक ने कहा कि रिश्तों की पहचान धन-दौलत से नहीं, बल्कि विश्वास, प्रेम और समर्पण से होती है। मनुष्य को व्यवहार में विनम्रता रखनी चाहिए और किसी व्यक्ति का सम्मान उसके आर्थिक स्तर या पद के आधार पर नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि धर्म-कर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है। दूसरों के प्रति अच्छा व्यवहार करना, जरूरतमंदों की सहायता करना और अपने कर्तव्यों का पालन करना भी धर्म का हिस्सा है।
श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता का उदाहरण देते हुए कहा कि मनुष्य को स्वार्थ से ऊपर उठकर संबंध निभाने चाहिए। जीवन में मानवीय संवेदनाओं का ध्यान रखना जरूरी है। इस मौके पर आयोजक रुद्रभान सिंह, अमरेंद्र सिंह, धनंजय, सुनील सिंह, संजय सिंह, गोविंद सिंह और शीतला पांडेय आदि मौजूद रहे।