शाहगढ़। गौरीगंज के पूरे तिलकराम पांडेय अफुइया गांव निवासी रमाशंकर तिवारी और उनकी पत्नी मिथिलेश तिवारी (54) बृहस्पतिवार को सड़क हादसे में घायल हो गए। उपचार के दौरान शुक्रवार को मिथिलेश तिवारी की मौत हो गई।
रमाशंकर तिवारी के अनुसार वह बृहस्पतिवार को पत्नी के साथ संगम जाने के लिए बाइक से गौरीगंज रेलवे स्टेशन जा रहे थे। जैसे ही वे जगदीशपुर-गौरीगंज मार्ग पर दयालापुर के पास पहुंचे, तभी साइकिल से जा रही एक छात्रा को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
वहां चिकित्सकों ने मिथिलेश की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। रमाशंकर को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। ट्रॉमा सेंटर में शुक्रवार सुबह मिथिलेश की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रमाशंकर ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट नहीं आई।
इंस्पेक्टर श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि महिला की मौत की जानकारी मिली है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मिथिलेश की मौत के बाद बेटे संदीप और कुलदीप का रो-रोकर बुरा हाल है। रिश्तेदार और ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे।