फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की गई जान, साथी घायल

Mon, 22 Apr 2024 11:51 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
विज्ञापन
जिला अस्पताल से ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर हुआ घायल युवक
विज्ञापन

मुसाफिरखाना थाने के बोहरखा के पास हुई दुर्घटना, कार्रवाई में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
मुसाफिरखाना (अमेठी)। गौरीगंज-मुसाफिरखाना मार्ग पर बहोरखा के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां एक युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि उसके साथी को नाजुक हालत में ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे का शिकार हुए लोग एक मांगलिक कार्यक्रम से खाना बना कर लौट रहे थे। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मुसाफिरखाना थाने के पिंडारा करनाई गांव निवासी रवि गुप्ता (28) सोमवार को जगदीशपुर थाने के तेतारपुर गांव निवासी अपने साथी अयोध्या प्रसाद चौरसिया (30) के साथ कमलानगर में एक कार्यक्रम में भोजन बनाने गए थे। सोमवार को दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। जब दोनों मुसाफिरखाना-गौरीगंज मार्ग पर बहोरखा गांव के पास पहुंचे थे, तभी सामने आई तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
विज्ञापन

हादसे में बाइक पर सवार दोनों लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उधर दुर्घटना के बाद चालक बोलेरो को छोड़ मौके से भाग निकला। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। साथ ही पुलिस को सूचना दी। अस्पताल में चिकित्सकों ने रवि गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। जबकि अयोध्या की हालात नाजुक देख ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। एसएचओ विनोद सिंह ने बताया कि दोनों वाहन को कब्जे में लिया गया है। परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक पर रवि पीछे बैठा था और अयोध्या बाइक चला रहा था। उसने हेलमेट पहन रखा था।

बुझ गया परिवार का दीपक, शादी के डेढ़ माह बाद ही उजड़ गया बहू का सुहाग
संवाद न्यूज एजेंसी
मुसाफिरखाना (अमेठी)। पिंडारा करनाई निवासी बसंत लाल की जिंदगी में सोमवार का दिन सबसे मनहूस रहा। सड़क दुर्घटना में परिवार का अंतिम कुल दीपक बुझ गया। इससे पहले भी सड़क दुर्घटना में पत्नी और बेटे की मौत हो चुकी है। जहां एक ओर दो भाइयों के बीच का अंतिम कुल दीपक बुझ गया, वहीं डेढ़ माह के भीतर ही नई नवेली सुहागिन की मांग उजड़ गयी। परिवार का सहारा छिन गया।
विज्ञापन

मुसाफिरखाना कोतवाली के पिंडारा करनाई गांव में दुर्गा प्रसाद (52) व बसंत लाल (47) दो भाई रहते हैं। दुर्गा प्रसाद दोनों पैर से दिव्यांग हैं। दिव्यांग होने के कारण उनकी शादी नही हुई थी। छोटे भाई बसंत लाल की पांच संतानें थीं। जिसमें तीन बेटी व दो बेटे थे। सबसे बड़ी लड़की संजू व उससे छोटी बहन मंजू की शादी हो चुकी है, जबकि सबसे छोटी बेटी खुशबू 12 वर्ष की है। बसंत लाल के दो बेटे रवि और शनि थे। भाग्य ने बसंत लाल पर इस कदर कहर ढाया कि परिवार के तीन सदस्य दुर्घटना की भेंट चढ़ गए। बसंत लाल की पत्नी केवला देवी की मौत कपूरचंद पुर स्थिति पुल के पास 23 नवंबर 2022 को सड़क दुर्घटना में हो गयी थी। परिवार इस सदमे को भुला भी नही पाया था, कि 19 दिसंबर 23 को बेटे शनि की मौत सड़क दुर्घटना में कपूरचंद पुर में ही गई थी। इस घटना से बसंत लाल टूट गए थे। सोमवार का दिन बसंतलाल की जिंदगी का सबसे मनहूस दिन रहा। कुदरत ने इस कदर कहर ढाया कि परिवार का अंतिम कुल दीपक रवि गुप्ता भी सड़क दुर्घटना के चलते काल के गाल में समा गया। 11 मार्च को रवि की शादी हुई थी। डेढ़ माह पहले रवि की पत्नी क्रांति ने सपना संजोए इस परिवार में कदम रखा था। घटना से दोनों भाई तथा बेटियों के रो-रो कर आंखों के आंसू सूख गए। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें