अमेठी सिटी। फुरसतगंज क्षेत्र के केसरिया गांव निवासी एक फैक्टरी कर्मी राजेंद्र कुमार (45) की बृहस्पतिवार को ट्रक की चपेट में आ जाने से मौत हो गई। गौरीगंज क्षेत्र से गुजरने वाले टांडा-बांदा हाईवे पर हुए हादसे के बाद पुलिस ट्रक सहित चालक को हिरासत में लेकर कार्रवाई में जुटी है।
राज ने बताया कि उनके पिता राजेंद्र कुमार गौरीगंज के एसीसी सीमेंट प्लांट में काम करते थे। वह तीन माह से प्लांट के पास ही कमरा किराए पर लेकर रहते थे। बृहस्पतिवार सुबह पिता किसी काम से बाइक से कहीं जा रहे थे। रास्ते में गौरीगंज क्षेत्र से गुजरने वाले टांडा-बांदा हाईवे पर बरनाटीकर के पास ट्रक की चपेट में उनकी बाइक आ जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि पिता की मौत हो चुकी है। मां इंद्रावती बेटे की मौत की खबर सुनते ही बेसुध हो गईं। बेटी मुस्कान और पुत्र राज व राहुल के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। इंस्पेक्टर श्याम नारायण ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है।