कमरौली। रायबरेली–जगदीशपुर मार्ग पर बुधवार रात ट्रेलर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। वह बाइक से निहालगढ़ स्टेशन से घर लौट रहा था। उनकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रामनरेश ने बताया कि उनका भतीजा जामों के बाबा का पुरवा निवासी बबलू (26) पेंटर का काम करता था। बुधवार को वह बाइक से निहालगढ़ रेलवे स्टेशन अपने परिचित को छोड़ने गया था। स्टेशन से घर लौटते समय सरेसर गांव के पास ट्रेलर ने उसकी बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त होने के साथ बबलू गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना परिवार और पुलिस को दी। इसके बाद बबलू को ट्राॅमा सेंटर जगदीशपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बबलू ने हेलमेट पहन रखा था लेकिन शरीर के अन्य हिस्सों में लगी चोट गहरी थी। इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि चालक हिरासत में है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
परिवार में मातम
बबलू की मौत से घर में कोहराम मच गया। मां शिवदासा बार-बार बेहोश हो रही थीं। पत्नी अनीता गहरे सदमे में है। बेटी संध्या और बेटा आयुष रोते हुए पिता को पुकार रहे थे। बड़े भाई हरीश गमगीन दिखे। ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।