जगदीशपुर (अमेठी)। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर रविवार रात एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी जगदीशपुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिले के बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के पूरे पासिन गांव निवासी विनोद कुमार (50) रविवार की रात करीब 10 बजे बाइक से कहीं जा रहे थे। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर बाजार शुकुल इलाके में पूरे गणेसी गांव के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो पलट गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जख्मी विनोद को सीएचसी जगदीशपुर ले जाया गया। वहां कुछ देर इलाज के बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विनोट हेलमेट पहने हुए थे। पुलिस का कहना है कि तहरीर आने पर मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।