जगदीशपुर (अमेठी)। स्थानीय थाने से गुजरने वाले अयोध्या रायबरेली हाईवे पर बाबूपुर के पास शुक्रवार को डंपर की चपेट में बाइक आने से बाइक सवार मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने दोनों को अस्पताल पहंचाया, जहां महिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके बेटे का उपचार किया जा रहा है। जामो थाना क्षेत्र के दखिनवारा निवासी सुंदरा (55) अपने बेटे रविंद्र कुमार के साथ बाइक से अयोध्या गई थी। शुक्रवार की देरशाम लौटते समय जगदीशपुर थाना क्षेत्र से गुजरने वाले अयोध्या-रायबरेली हाईवे पर बाबूपुर के पास इन लोगों की बाइक डंपर की चपेट में आ गई। दुर्घटना में बाइक सवार मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला।
मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने सुंदरा को मृत घाेषित कर दिया। रविंद्र कुमार को भर्ती कर उपचार करते हुए सूचना पुलिस को दी। सुंदरा की मौत की सूचना गांव पहुंची तो कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।