अमेठी के टिकरी गांव में गमगीन मृतक के परिजन। स्रोत: ग्रामीण
अमेठी। शाहबरी मार्ग पर कोरारी चौराहे के पास शनिवार रात मवेशी को बचाने के प्रयास में बाइक खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में टिकरी गांव निवासी महेंद्र कुमार (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और ट्रक कब्जे में लेकर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
रामप्रसाद ने बताया कि उनका बेटा महेंद्र किसी काम से शनिवार रात बाइक से अमेठी जा रहा था। कोरारी चौराहे के पास अचानक मवेशी सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन भी सीएचसी पहुंचे।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की गति अधिक थी और महेंद्र ने हेलमेट नहीं पहना था। इंस्पेक्टर शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल : महेंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां जगपति का रो-रोकर बुरा हाल था। बहनें अर्चना यादव, खुशबू यादव और आस्था यादव भाई की मौत से बिलखती रहीं। पिता रामप्रसाद बेटे की मौत से गमगीन रहे। अचानक हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।