भादर (अमेठी)। पीपरपुर थाना क्षेत्र से गुजरने वाले कल्याणपुर मार्ग पर सोमवार की रात कार को ओवरटेक करने के चक्कर में बेकाबू हुई बाइक सड़क किनारे लगे ईंट के चट्टे से टकरा गई। इस हादसे में बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। जबकि बाइक सवार दो अन्य घायलों की हालात नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया। युवक की मौत के बाद परिजनों ने बिना पोस्टमॉर्टम कराए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
पीपरपुर थाने के भेवईं गांव निवासी सुशील कोरी (20), आकाश (18), शनि कुमार (18) बाइक से सोमवार रात धम्मौर थाना क्षेत्र के लौहर भाईं गांव से निमंत्रण समारोह से लौट रहे थे। पीपरपुर- कल्याणपुर मार्ग पर रेवड़ा गांव के पास एक कार को ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित हो गई।
बाइक सड़क किनारे लगे ईंट के चट्टे से टकरा गई। दुर्घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंच कर एंबुलेंस बुलाई और तीनों को सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी में सुशील कोरी को मृत घोषित कर दिया गया। आकाश व शनि को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया।
खबर पाकर पहुंचे घायल युवकों के परिजन उन्हें इलाज के लिए किसी निजी अस्पताल ले गए हैं। दोनों की हालात सामान्य बताई जा रही है। मृतक सुशील कोरी के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिवार वालों ने पुलिस कार्रवाई न करने की बात कहते हुए शव को लेकर घर चले गए। जहां आज उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया था। एसओ संदीप राय ने बताया कि परिजन ने कोई तहरीर नहीं दी है। कार्रवाई नहीं करने की बात कह शव को लेकर घर चले गए।