फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: मंडलायुक्त ने मांगा मार्ग दर्शन पत्र तो बगले झांकते नजर आए जिम्मेदार

Wed, 06 Mar 2024 12:12 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
विज्ञापन
अमेठी सिटी। जिले के दौरे पर आए मंडलायुक्त गौरव दयाल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट का निरीक्षण किया। वहां कृषक दुर्घटना बीमा योजना से जुड़े एक सवाल पर अफसर बगले झांकतें नजर आए। इसके बाद मंडलायुक्त एलआरसी दफ्तर पहुंचे थे। वहां कृषक दुर्घटना बीमा से जुड़ी फाइल सामने आई तो मंडलायुक्त ने खामी पकड़ ली। फेहरिस्त में कई ऐसे किसानों के नाम मिले, जिन्हें इस योजना का अब तक लाभ नहीं मिला था।
विज्ञापन

जिम्मेदारों से पूछा... इन्हें लाभ क्यों नहीं मिला। अफसरों ने संबंधित किसानों के प्रकरण में केस दर्ज होने की बात कही। इसी जवाब पर मंडलायुक्त के तेवर तल्ख हो गए। बोले, ऐसा कैसे है। अफसरों ने जवाब दिया कि इस मामले में पूर्व में मार्ग दर्शन मांगा गया है। इस बात पर मंडलायुक्त ने कहा कि मार्ग दर्शन पत्र दिखाओ तो अफसर बगले झांकने लगे।
मंडलायुक्त ने कहा कि सांप काटने से किसान की मौत पर भुगतान दिया जाता है, तो सड़क हादसे या हत्या में क्यों नहीं दिया जा सकता। सिर्फ ऐसे प्रकरण जिनमें मृतक किसान पर भी क्रास केस दर्ज हो, उसमें ही भुगतान नहीं किया जा सकता। इसके बाद मंडलायुक्त ने कहा कि मार्ग दर्शन पत्र लाकर मुझे दिखाना। हालांकि, उन्होंने बाद में जिलाधिकारी को इस प्रकरण को अपने स्तर से देखने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने डिजिटल क्रॉप सर्वे के बारे में भी जानकारी ली।
विज्ञापन

जो कर्मचारी कंप्यूटर नहीं सीख रहे, उन्हें चार्जशीट दें
मंडलायुक्त ने कहा कि मृतक आश्रितों में नियुक्त होने वाले कर्मचारियों को कंप्यूटर का ज्ञान होना चाहिए। यदि कंप्यूटर का ज्ञान नहीं है तो उन्हें सीखने के लिए कहें और यदि वह नहीं सीख रहे तो उनकी चार्जशीट दें। वरासत से संबंधित शस्त्र लाइसें लंबित नहीं रहने चाहिए। उनका निस्तारण कराया जाए। पुराने रिकार्ड का डिजिटलीकरण कराने को भी कहा है। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया।कलेक्ट्रेट की गैलरी में बाहर से खींचे गए तार को उन्होंने अच्छी तरह से वायरिंग कराने के लिए कहा। वहीं परिसर की पेंटिंग को भी नए तरीके से कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई अन्य बिंदुओं पर भी मातहतों को निर्देश दिए। नजारत अनुभाग, आपदा कंट्रोल रूम आदि में भी भ्रमण किया।
मंडलायुक्त ने जिला मुख्यालय स्थित नवोदय विद्यालय, कलेक्ट्रेट भवन के नए परिसर का निर्माण कार्य, एचएएल कोरवा कंपनी का भ्रमण कर हाल जाना। उसके बाद पुन: कलेक्ट्रेट वापस लौटे। इस दौरान डीएम निशा अनंत, सीडीओ सूरज पटेल, एडीएम अर्पित गुप्ता, एडीएम न्यायिक दिनेश मिश्र, एसडीएम अभिनव कनौजिया, एसडीएम न्यायिक आरके त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। वहीं शाम के समय मंडलायुक्त ने आईजी प्रवीण कुमार के साथ चुनाव की समीक्षा बैठक की।

सरकारी कर्मचारी से मारपीट करने वालों पर लगे गुंडा एक्ट: आईजी
अमेठी सिटी। मंगलवार को शाम चार बजे से कलेक्ट्रेट सभागार में मंडलायुक्त के साथ आईजी प्रवीण कुमार ने जिला स्तरीय अधिकारियों, सभी सीओ, सभी एसडीएम की बैठक ली।
आईजी ने कहा कि चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू की जाएं। जिस किसी व्यक्ति ने पहले किसी भी चुनाव में सरकारी कर्मचारी से मारपीट की हो तो उसके खिलाफ गुंडा एक्ट जरूर लगाया जाए। नामांकन के लिए आवश्यक बैरीकेडिंग अभी से शुरू कर दी जाए। पब्लिक रैली के लिए स्थान चिह्ननीकरण की प्रक्रिया अभी से कर ली जाए। जिससे बाद में किसी तरह की दिक्कत नहीं होने पाए। मंडलायुक्त ने कहा कि अमेठी संवेदनशील जगह है, ऐसे में चुनाव के लिए सभी तैयारियां की जाएं, जहां जरूरी हो कैमरे लगवाएं जाएं। इस दौरान एसपी अनूप कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें