अमेठी। सराय कांधा गांव के पास बृहस्पतिवार देर रात तेज रफ्तार बाइक बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में अमरपुर धोएं गांव निवासी बाइक सवार सुभाष (24) की मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठा विशाल (18) गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी तेज हुई कि खंभा तीन खंडों में टूट गया
मोहनलाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को उनका बेटा सुभाष गांव के ही विशाल के साथ किसी काम से प्रतापगढ़ गया था। देर रात लौटते समय गौरीगंज-प्रतापगढ़ मार्ग पर सराय कांधा गांव के पास अचानक सामने आए मवेशी को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में दोनों लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को सीएचसी अमेठी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने सुभाष को मृत घोषित कर दिया। विशाल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर रवि कुमार सिंह ने बताया कि विधिक कार्रवाई की गई है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सुभाष की मौत की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया। मां पूजा बिलख कर बेटे को पुकार रही थीं। बहनें आरती, रीता, प्रियंका और विमला का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता मोहनलाल गमगीन हैं। बड़ा भाई प्रमोद चंडीगढ़ से घर के लिए रवाना हो गया है। ग्रामीण और रिश्तेदार परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे।