फुरसतगंज (अमेठी)। जायस थाना क्षेत्र के मौजमगंज के पास रविवार देर शाम घर जा रहे सगे भाइयों की बाइक खड़े ट्रैक्टर में जा भिड़ी। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान छोटे भाई की मौत हो गई, वहीं दूसरे भाई का इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जायस थाना के पूरे मेड़ई मजरे ओदारी गांव निवासी संदीप (25) अपने भाई कुलदीप (26) के साथ बाइक से जायस बाजार गए थे। रविवार देर रात दोनों भाई बाइक से लौट रहे थे। रास्ते में मौजमगंज के पास सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से संदीप की बाइक जा भिड़ी। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस व एंबुलेंस कर्मियों की मदद से घायलों को सीएचसी फुरसतगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया। इलाज के दौरान देर रात संदीप की मौत हो गई, जबकि घायल कुलदीप का इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संदीप बाइक चला रहा था, जो हेलमेट लगाया था। घटना की जानकारी के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है। थाना प्रभारी जायस रवि सिंह ने बताया कि मौजमगंज के पास खड़े ट्रैक्टर से भिड़कर दोनों युवक के घायल होने की सूचना मिली थी। तहरीर मिलने पर केस दर्ज करेंगे।
सदमे में पत्नी और परिजन
मृतक संदीप और घायल कुलदीप की जानकारी मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। संदीप की पत्नी ज्ञानवती, मासूम बेटे आरुष वर्मा, पिता रामबरन सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। संदीप तीन भाइयों में सबसे छोटा था।