अमेठी सिटी। मुंशीगंज के पतरिया गांव निवासी विशाल (21) की टांडा-बांदा हाईवे पर माधोपुर के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार सराय भागमानी गांव के रहने वाले मित्र अभिषेक (22) और गुलशन (19) घायल हो गए। मामले की जानकारी के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।
मंतू दास के मुताबिक बेटा विशाल बाइक से घर से निकला था। रास्ते में अभिषेक व गुलशन मिले तो बाइक से तीनों गौरीगंज शहर जा रहे थे। टांडा-बांदा हाईवे पर माधोपुर के पास अज्ञात वाहन से बेटे की बाइक टकरा गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से भाग निकला। हादसे में तीनों लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तीनों को अस्पताल पहुंचाते हुए उन्हें मामले की जानकारी दी। सूचना के बाद परिजनों संग अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि डॉक्टरों ने बेटे को मृत घोषित कर दिया।
घायल अभिषेक व गुलशन का उपचार चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय किसी ने हेलमेट नहीं पहना था। ट्रिपलिंग के साथ हेलमेट नहीं पहने होने से सिर पर चोट लगने से विशाल की मौत हो गई। बाइक कौन चला रहा था, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। इंस्पेक्टर श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है।
तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज किया जाएगा। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन की पहचान की कोशिश की जा रही है। जल्द ही चालक सहित वाहन को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जाएगी। विशाल की मौत के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।