अमेठी सिटी। एक व्यापारी के पुत्र की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया वहीं पुलिस को अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।
जायस इलाके के मोहल्ला चौधराना के रहने वाले राजेश कुमार के मुताबिक वह जायस कस्बे में मोबाइल की दुकान चलाते हैं। बृहस्पतिवार को कुछ काम से नसीराबाद गए थे। बताया कि दोपहर में एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उनका बेटा आदर्श (18) कासिमपुर हॉल्ट के पास गुजरने वाले रेल ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आ गया है। भाग कर वह मौके पर पहुंचे तो उनके बेटे की मौत हो चुकी थी।
बेटा कैसे कासिमपुर हॉल्ट के पास गुजरने वाले रेल ट्रैक तक पहुंच गया, पता नहीं है। किसी से कोई विवाद भी नहीं है। इंस्पेक्टर रवि कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल अभी तक परिजनों ने मामले में कोई तहरीर नहीं दी है।