जगदीशपुर। उत्तरगांव निवासी शिव प्रसाद सोनी को शनिवार शाम करीब सात बजे रायबरेली-अयोध्या हाईवे से घर जाते समय सरेसर माइनर पुलिया पर बाइक सवार बदमाशों ने धक्का देकर उन्हें माइनर में गिरा दिया और बाइक की डिकी में रखा सोने-चांदी के जेवरों से भरा बैग छीनकर भाग निकले। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
शिव प्रसाद सोनी के मुताबिक कमरौली के कठौरा बाजार में किराये के भवन में ज्वैलर्स के नाम से उनकी दुकान संचालित है। दुकान के पीछे कॉलोनी में उन्होंने मकान भी बनवाया है। अभी वह परिवार के साथ पुराने घर उत्तरगांव में ही रहते हैं। रविवार को उनके नए घर पर कार्यक्रम आयोजित था, जिसकी तैयारियों में वह शाम से जुटे थे।
उन्होंने बताया कि शनिवार शाम करीब सात बजे रोज की तरह दुकान बंदकर वह बाइक से उत्तरगांव घर लौट रहे थे। रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर सरेसर गांव स्थित मानइर पुलिया के पास मुड़कर घर जाते समय कुछ दूर चलते ही पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर धक्का दे दिया। इससे वह बाइक सहित माइनर में गिर गए।
आरोप है कि बदमाश बाइक की डिकी में रखा आठ लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरों से भरा बैग लेकर भाग गए। रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों ने उन्हें माइनर से निकाला और घर पहुंचाया। कपड़े बदलने के बाद वह कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर फील्ड यूनिट टीम के साथ अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल सिंह मौके पर पहुंचे और जांच की। पीड़ित से पूछताछ की गई।
इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि जांच में सामने आया है कि पीड़ित के भतीजे की दुकान का कुछ लेनदेन बकाया था। उधारी चुकाने से बचने के लिए उसने खुद ही लूट की घटना की साजिश रची है। रविवार सुबह पीड़ित शिव प्रसाद सोनी ने कहा कि वह घटना के बाद से सदमे में हैं। उनका कहना है कि जो चला गया वह शायद अब मिलना नहीं है, लेकिन किसी तरह जान बच गई, यही ईश्वर की कृपा है। पीड़ित ने कहा कि उन्होंने तहरीर नहीं दी है।