अमेठी। भाकियू जिला प्रभारी की हत्या के बाद उनके घर सांत्वना देने पहुंचे राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत से पदाधिकारियों ने हत्याकांड के मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी की मांग उठाई। बुधवार को घर श्रीरामपुर गांव पहुंचे भाकियू नेताओं ने पीड़ित परिजनों को ढाढ़स बधाते हुए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक टिकैत गुट के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत, प्रदेश अध्यक्ष राजवीर जादौन व प्रदेश सचिव अजय सिंह बुधवार को दिवंगत किसान नेता प्रमोद मिश्रा के घर श्रीरामपुर पहुंचे। सभी नेता दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद भाकियू नेता प्रमोद की हत्या के बारे में विस्तार से जानकारी लेते हुए पिता हनुमान प्रसाद मिश्र, भाई लल्लन, पत्नी सुमन व बच्चों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बधाते हुए भविष्य में हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। मीडिया से मुखातिब राकेश टिकैत ने कहा कि प्रमोद मिश्रा के असामयिक निधन से संगठन को भारी क्षति हुई है।
जिला संगठन के लोगों की ओर से हत्याकांड के मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी की मांग की गई है। उन्होंने जिला प्रशासन से परिवार की सुरक्षा, आर्थिक सहायता तथा अन्य मदद कराए जाने की भी बात कही। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सूर्यपाल यादव, अवधेश मौर्य, बच्चा शुक्ल, लल्लन मिश्रा, चून्नू सिंह, जीतेंद्र तिवारी मौजूद रहे।
संगठन के जिला संरक्षक बने प्रमोद के पिता
दिवंगत किसान नेता प्रमोद मिश्रा के घर सांत्वना देने पहुंचे राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत व प्रदेश अध्यक्ष राजवीर ने जिला इकाई के पदाधिकारियों की मौजूदगी में प्रमोद के पिता हनुमान प्रसाद मिश्र को जिला इकाई का संरक्षक मनोनीत किया। भाकियू नेताओं ने कहा कि प्रमोद जुझारू और मिलनसार नेता थे। कहा कि उनकी कमी तो पूरी नहीं की जा सकती है लेकिन परिवार के सदस्यों के संगठन में आने से संगठन को मजबूती मिलेगी।