सिंहपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष एवं सहायक शिक्षक आशुतोष शुक्ल ने अपने पद और शिक्षक सेवा से इस्तीफा मुख्यमंत्री और जनसुनवाई पोर्टल पर भेजने का दावा किया है। उन्होंने बीईओ सिंहपुर की कार्यशैली और व्यवहार को इसका कारण बताया है।
आशुतोष शुक्ल ने भेजे पत्र में आरोप लगाया है कि बीआरसी में तैनात कर्मचारियों की ओर से मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र के बाद उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने बीईओ पर अभद्र व्यवहार, अपमानित करने, निलंबन और बर्खास्तगी की धमकी देने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही मानव संपदा पोर्टल के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया है। बीईओ हरिओम तिवारी ने शिक्षक की ओर से लगाए आरोपों को गलत बताया है। कहा कि उन्हें शिक्षक की ओर से इस्तीफा भेजे जाने की कोई जानकारी नहीं है।
बीएसए संजय तिवारी ने बताया कि मामले की जांच के लिए बहादुरपुर के बीईओ राकेश कुमार सचान और तिलोई के बीईओ रामकिशुन कश्यप की दो सदस्यीय टीम गठित की गई है। टीम 18 जून को संबंधित पक्षों के बयान दर्ज करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।