नवनिर्माण के लिए प्रस्तावित संग्रामपुर क्षेत्र के बेलखरी से चौबेपुर संपर्क मार्ग।
अमेठी सिटी। निर्माण के बाद मरम्मत नहीं होने से जर्जर हो चुके संग्रामपुर क्षेत्र स्थित बेलखरी-चौबेपुर संपर्क मार्ग से लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से अब निजात मिलेगी। लोक निर्माण विभाग दो माह में 50 लाख रुपये से जर्जर मार्ग की मरम्मत करवाने जा रहा है।
ठेंगहा-विशेषरगंज मार्ग के बेलखरी से समीप चौबेपुर गांव को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग काफी दिनों से जर्जर पड़ा है। जर्जर मार्ग से चौबेपुर, सोनारी कनू, पांडेय का पुरवा, बेलखरी, तिवारीपुर सहित कई गांवों के करीब 20 हजार लोगों का आवागमन होता है। मार्ग जर्जर होने से आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। आवागमन में परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है। मार्ग के जर्जर होने पर ग्रामीणों ने लोकसभा चुनाव से पहले विरोध-प्रदर्शन भी किया था।
मामला संज्ञान में आने के बाद लोक निर्माण विभाग ने सर्वे करवाया। सर्वे के बाद मार्ग के मरम्मत के लिए 50 लाख रुपये का अनुमानित आगणन तैयार करते हुए प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। शासन ने प्रस्ताव मंजूर करते हुए पांच साल तक मार्ग के अनुरक्षण की भी व्यवस्था बनाई है। मार्ग के नवनिर्माण को मंजूरी मिलने की जानकारी के बाद ग्रामीणों व स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
जल्द पूरा होगा प्रस्तावित कार्य
अधिशासी अभियंता लोक निर्माण प्रांतीय खंड शैलेंद्र कुमार ने बताया कि ठेकेदार का चयन होने के बाद अवर अभियंता की निगरानी में समय से मानक के अनुसार निर्माण कार्य पूरा करवाते हुए लोगों को आवागमन में सुविधा दी जाएगी।