जर्जर पड़ा संग्रामपुर-चंद्रिकन धाम को जोड़ने वाले बेलखरी संपर्क मार्ग।
अमेठी सिटी। जर्जर हो चुके संग्रामपुर-चंद्रिकन धाम को जोड़ने वाले बेलखरी संपर्क मार्ग से लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से अब निजात मिलेगी। लोक निर्माण विभाग दो माह में 24.2 लाख रुपये से जर्जर मार्ग की मरम्मत करवाने जा रहा है।
अमेठी-संग्रामपुर मार्ग से बेलखरी को जोड़ने वाला ढाई किमी लंबा बेलखरी संपर्क मार्ग मरम्मत के अभाव में काफी जर्जर हो चुका है। मार्ग से सोमवार व शुक्रवार कालिकनधाम दर्शन करने जाने वालों सहित 10 हजार राहगीर प्रतिदिन आवागमन करते हैं। जर्जर मार्ग से राहगीराें संग पांडेय का पुरवा, बेलखरी, सोनारी कनू, भैरवपुर, इटौरी, जरौटा, कटरा, उत्तरगांव, कंधई, पांडेय का पुरवा संग गांव के ग्रामीणों का भी आवागमन होता है। मार्ग जर्जर होने से आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
ग्रामीणों की मांग पर लोक निर्माण विभाग ने सर्वे करवाते हुए मार्ग के नवनिर्माण के लिए 24.2 लाख रुपये का अनुमानित आगणन तैयार कर प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन ने प्रस्ताव मंजूर करने संग आगणन राशि को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति देते हुए जारी कर दिया। इसके बाद लोक निर्माण विभाग निविदा प्रकाशित कर ठेकेदार चयन करने की कवायद में जुटा है।
अधिशासी अभियंता लोक निर्माण प्रांतीय खंड शैलेंद्र कुमार ने बताया कि ठेकेदार का चयन होने के बाद अवर अभियंता की निगरानी में समय से मानक के अनुसार निर्माण कार्य पूरा करवाते हुए लोगों को आवागमन में सुविधा दी जाएगी।