अमेठी सिटी। पंजाब प्रांत में चल रहे किसान आंदोलन से जिले से गुजरने वाले दो ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो रहा है। मंगलवार को भी दोनों ट्रेन देरी से पहुंची। गौरीगंज से प्रतिदिन गुजरने वाली अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल मंगलवार को अपने निर्धारित समय 12:51 बजे के बजाय पांच घंटे देरी से शाम 5:10 बजे पहुंची। ट्रेन से हावड़ा की यात्रा करने परिवार समेत रामधनी, सुमित कुमार दोपहर 12 बजे पहुंचे। रामधनी ने बताया कि समय से स्टेशन पहुंच गए लेकिन, ट्रेन के विलंब से संचालित होने कारण प्लेटफार्म पर प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। यही हाल पंजाब मेल से यात्रा करने आए यात्रियों की रही।
उधर, निहालगढ़ से गुजरने वाले जम्मूतवी-वाराणसी बेगमपुरा एक्सप्रेस भी मंगलवार को आठ घंटा विलंब से संचालित हुई। बेगमपुरा एक्सप्रेस भी सुबह 8:36 के बजाए शाम को 4:46 बजे निहालगढ़ पहुंची। इस ट्रेन से वाराणसी की यात्रा करने वालों को निजी या सड़क मार्ग से यात्रा करनी पड़ी। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने किसान आंदोलन के कारण पंजाब मेल का परिचालन समय से न हो पाने की पुष्टि की है।