बाजारशुकुल (अमेठी) तीन दिन से लापता युवक की मौत की गुत्थी सुलझाने में मोबाइल फोन मददगार साबित हुआ है। बाजारशुकुल थाना क्षेत्र के पूरे बरजोर गांव निवासी रामकलप के 20 वर्षीय पुत्र पवन कुमार का शव मंंगलवार को संदिग्ध हालात में गांव से करीब दो किलोमीटर दूर नाला के पास आम के पेड़ से लटका मिला था।
पुलिस घटना की छानबीन में लगी थी। मौत के बाद मृतक के परिजन ने उसकी हत्या की आशंका जताई थी। शव के पास मिले मोबाइल फोन की जांच के बाद पुलिस का दावा है कि युवक ने आत्महत्या की थी। आत्महत्या करने से पहले पवन कुमार ने वीडियो बनाया था। उसने सेल्फी भी ली थी।
हत्या की आशंका जताने वाले परिजनों ने अब तक कोई तहरीर नहीं दी है। एसओ दयाशंकर मिश्र ने बताया कि मृतक के परिजनों को बुलाकर घटना से पूर्व मृतक की ओर से बनाए गए वीडियो व सेल्फी को दिखाया गया। अब तक मिले साक्ष्य से मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति साफ हो जाएगी।