अयोध्या। उत्तर प्रदेश होम स्टे एवं बेड एंड ब्रेकफास्ट (बीएंडबी) नीति-2025 संगोष्ठी का आयोजन एक स्थानीय होटल में किया गया। इसमें नीति के बारे में जानकारी दी गई। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि बेड एंड ब्रेकफास्ट व होमस्टे नीति लोगों की आय का बड़ा जरिया बनेगी। इस नीति से न केवल अतिरिक्त आय का स्रोत प्राप्त होगा, बल्कि सरकार की ओर से विभिन्न रियायतें, प्रशिक्षण और प्रचार-प्रसार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनपद अयोध्या को 1200 इकाइयों का लक्ष्य प्रदान किया गया है। जनपद में जल्द ही श्रद्धालुओं के लिए पर्यटन थाना भी खोला जा रहा है। 14 कोसी परिक्रमा व पंचकोसी परिक्रमा के बारे में कहा कि परिक्रमा मार्ग को अच्छी तरह बनाया जा रहा है, जिससे पर्यटक अयोध्या आएं और सुगमतापूर्वक परिक्रमा करें। नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि बीएंडबी नीति से राज्य की अर्थव्यवस्था के बुनियादी ढांचे के विकास को बढ़ावा मिलेगा, आय और रोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे।
संचालन प्रो. महेंद्र पांडेय ने किया। संगोष्ठी में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक रामचंद्र यादव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ़ गौरव ग्रोवर, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, उपाध्यक्ष अयोध्या विकास प्राधिकरण अश्विनी कुमार पांडेय समेत अन्य मौजूद रहे।
वंचित लोग शीघ्र कराएं रजिस्ट्रेशन
उपनिदेशक पर्यटन बृजपाल सिंह ने संगोष्ठी में बताया कि बीएंडबी एवं होम स्टे नीति के अंतर्गत इकाइयों का पंजीकरण एक सरल और पारदर्शी ऑनलाइन प्रक्रिया है। पंजीकरण की वैधता तीन वर्षों तक होगी। जो पंजीकरण से वंचित हैं, वे शीघ्र ही रजिस्ट्रेशन करा लें। होम स्टे इकाइयों में घरेलू बिजली का ही उपयोग होगा, किसी प्रकार का अतिरिक्त टैक्स नहीं लिया जाएगा।
पंजीकरण शुल्क
शहरी होमस्टे- सिल्वर श्रेणी- 2,000, गोल्ड श्रेणी-3,000 रुपये
बेड एंड ब्रेकफास्ट- सिल्वर श्रेणी- 2,000, गोल्ड श्रेणी-3,000 रुपये
ग्रामीण होम स्टे/डारमेंट्री-100 रुपये