फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: बेटियां हर परिस्थिति का डटकर करें सामना

Fri, 19 Sep 2025 12:21 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
अमेठी ​स्थित सेपियन स्कूल में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में
विज्ञापन
अमेठी। अमर उजाला फाउंडेशन के बैनर तले बृहस्पतिवार को सेपियन स्कूल में पुलिस की पाठशाला आयोजित हुई। इस विशेष कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनने का संदेश दिया गया। पुलिस अधीक्षक अर्पणा रजत कौशिक ने कहा कि बेटियां किसी भी दृष्टि से कमजोर नहीं होतीं हैं। मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनकर वे हर परिस्थिति का डटकर सामना कर सकती हैं।
विज्ञापन



एसपी ने कहा कि उत्पीड़न की स्थिति में चुप रहना गलत है, तुरंत पुलिस से संपर्क करें। पुलिस हर समय मदद के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वही विषय चुनें जिसमें रुचि हो और पूरे मन से पढ़ाई करें। निष्ठा और लगन से किया गया प्रयास ही सफलता का आधार है। सोशल मीडिया और साइबर सुरक्षा पर उन्होंने खास ध्यान दिलाते हुए कहा कि अनजान व्यक्ति को अकाउंट में न जोड़ें और निजी जानकारी साझा न करें। पुलिस कभी फोन या वीडियो कॉल से गिरफ्तारी नहीं करती, ऐसे कॉल धोखाधड़ी का हिस्सा होते हैं।


उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब किसी भी थाने में महिलाएं असहज महसूस न करें, क्योंकि हर थाने में महिला हेल्प डेस्क सक्रिय है। विद्यालय के डायरेक्टर कुशाग्र ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं को आत्मविश्वासी बनाते हैं और उन्हें जीवन की वास्तविक चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार करते हैं। प्रधानाचार्य देवमणि उपाध्याय ने छात्राओं से आग्रह किया कि यहां मिली उपयोगी जानकारी को परिवार और समाज तक पहुंचाएं। इस मौके पर पूनम सिंह, प्रिया सिंह, पूजा उपाध्याय, आदित्य, अमित राज, नीतू उपाध्याय आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन





छात्राओं ने पूछे सवाल, एसपी ने दिया जवाब
सेपियन स्कूल में आयोजित पुलिस की पाठशाला में छात्राओं ने एसपी अर्पणा रजत कौशिक से सवाल किए और सीधे जवाब पाए। कक्षा 10 की छात्रा अनुष्का सिंह ने पूछा कि ऑनलाइन गेमिंग में सुरक्षित रहने के क्या उपाय हैं। इस पर एसपी ने स्पष्ट किया कि अनजान लोगों से बातचीत न करें, निजी जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक से बचें। कक्षा नौ की छात्रा आस्था तिवारी ने सवाल किया कि आपको आईपीएस बनने की प्रेरणा कहां से मिली। मुस्कुराते हुए एसपी ने कहा कि बचपन से समाज सेवा की इच्छा और देश की सुरक्षा में योगदान देने का सपना उन्हें आगे बढ़ाता रहा। कक्षा 10 की छात्रा अंशिका सिंह ने पूछा कि निजी और पेशेवर जीवन में संतुलन कैसे बनाया जाए। एसपी ने कहा कि समय का सही प्रबंधन और प्राथमिकताओं को तय करना ही संतुलन की असली कुंजी है। कक्षा 10 की छात्रा आयुषी सिंह ने सवाल किया कि सोशल मीडिया पर फेक आईडी से परेशान करने पर क्या करें। एसपी ने सलाह दी कि स्क्रीनशॉट रखें और तुरंत साइबर हेल्पलाइन या पुलिस को सूचना दें। कक्षा 10 की छात्रा सौम्या शुक्ला ने जानना चाहा कि सिविल सेवा परीक्षा की सबसे बड़ी चुनौती क्या होती है। इस पर एसपी ने कहा कि लंबी तैयारी के दौरान धैर्य सबसे कठिन परीक्षा होती है। नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और लक्ष्य पर केंद्रित रहना ही सफलता की गारंटी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें