अमेठी। स्थानीय थाने के मोहद्दीनपुर स्थित अब्दुल लतीफ शाह मजार पर परिवार के साथ दर्शन करने गई किशोरी से दबंगों ने छेड़खानी शुरू कर दी। विरोध करने पर उन लोगों ने परिवारीजनों की पिटाई कर दी। लोगों के बीचबचाव के बाद पीड़िता ने मां के साथ थाने पहुंचकर केस दर्ज करने की गुहार लगाई। पीड़िता की मानें तो पुलिस केस दर्ज करने के बजाए मामला दबाने में जुटी है।
बाजार शुकुल थाना के मोहद्दीनपुर गांव स्थित अब्दुल लतीफ शाह की मजार पर प्रत्येक बृहस्पतिवार को मेले का आयोजन होता है। बृहस्पतिवार को जगदीशपुर थाने के एक गांव निवासी किशोरी अपने परिवारीजनों के साथ मजार पर गई थी।
इस दौरान मेले में रानीगंज गांव के रहने वाले दो युवक किशोरी से छेड़खानी करने लगे। किशोरी के विरोध करने पर युवकों ने परिवारीजनों की पिटाई कर दी। विवाद के दौरान मौजूद लोगों ने बीचबचाव करते हुए मामले की सूचना पुलिस को दी। बीचबचाव के बाद परिवारीजनों के साथ थाने पहुंचे किशोरी ने युवकों के खिलाफ तहरीर देकर केस दर्ज करने की मांग की।
किशोरी की तहरीर मिलने के बावजूद पुलिस मेडिकल कराकर केस दर्ज कर कार्रवाई करने के बजाए जांच के नाम पर घटना को दबाने की कोशिश में जुटी है। किशोरी की मानें तो पुलिस कार्रवाई करने के बजाए उसके परिवारीजनों को ही थाने में बैठाकर उनका उत्पीड़न कर रही है। एसओ रविंद्र सिंह ने बताया कि मामला प्रथमदृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है इसलिए जांच की जा रही है।