अमेठी। कोरोना संक्रमण की रफ्तार जिले में घटने लगी है। बृहस्पतिवार देर शाम आई रिपोर्ट में संग्रामपुर सीएचसी में कार्यरत कर्मी के साथ अमेठी तहसील के अलग-अलग गांव में एक परिवार के दो-दो सदस्य समेत 20 के कोरोना संक्रमित मिलने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद जिला प्रशासन संक्रमितों के उपचार व क्षेत्र को संक्रमण मुक्त बनाने की कोशिश में जुटा है। जिले में बृहस्पतिवार तक कोरोना संक्रमितों की संख्या 2500 के पार हो गई।
जिले में कोरोना संक्रमितों के मिलने की संख्या अब कम होने लगी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बृहस्पतिवार देर शाम 1,365 लोगों की सैंपलिंग रिपोर्ट जिला प्रशासन को मिली। इस रिपोर्ट में 1,345 के निगेटिव होने के साथ संग्रामपुर सीएचसी पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मी के साथ अमेठी तहसील के कमासिन व सगरा तिराहे के पास एक ही परिवार के दो-दो सदस्य समेत 20 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
रिपोर्ट में मुसाफिरखाना ब्लॉक के अलग-अलग गांव के चार, भेटुआ व अमेठी ब्लॉक में तीन-तीन, शाहगढ़ व गौरीगंज में दो-दो तथा तिलोई, बाजारशुकुल, जगदीशपुर, जामो, सिंहपुर व संग्रामपुर ब्लॉक के एक-एक स्थानीय शामिल हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद मरीजों के स्वास्थ्य व उनकी मांग के अनुसार उपचार का प्रबंध करने के बाद डीएम अरुण कुमार ने गठित टीम को सक्रिय करते हुए प्रोटोकॉल के तहत संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान व क्षेत्र को संक्रमण मुक्त बनाने का निर्देश दिया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 2,552 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 2,220 उपचार के बाद सही हो चुके हैं तो 23 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। वर्तमान में 31 संक्रमितों का उपचार अस्पताल में चल रहा है तो 278 संक्रमित होम आइसोलेशन में रखे गए हैं।