जगदीशपुर स्थित निजी होटल में आयोजित व्यापारी संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते अधिकारी। स्रोत
अमेठी सिटी। राज्य कर विभाग की ओर से शनिवार को जगदीशपुर स्थित निजी होटल में मुख्यमंत्री व्यापार संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें 20 महिला एवं पुरुष उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
ब्लॉक प्रमुख राजेश विक्रम सिंह ने कहा कि महिला उद्यमी और व्यापारी आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने व्यापार और रोजगार सृजन में उनके योगदान की सराहना करते हुए सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उपायुक्त राज्य कर खंड प्रथम अशोक कुमार गुप्ता ने करदाताओं और विभाग के बीच विश्वास बढ़ाने तथा नियमों के सरलीकरण पर प्रकाश डाला।
उन्होंने व्यापारियों से समय पर रिटर्न दाखिल करने, जीएसटी पोर्टल पर मोबाइल नंबर और ई-मेल अपडेट रखने तथा साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की। साथ ही अपंजीकृत व्यापारियों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विभागीय शिविरों की जानकारी दी। संवाद के दौरान व्यापारियों ने आईटीसी रिवर्स करने के बाद भी नोटिस मिलने और जीएसटी पोर्टल के पासवर्ड संबंधी समस्याएं उठाईं।
उपायुक्त ने दोनों मुद्दों पर जानकारी देते हुए समाधान बताया। इस अवसर पर व्यापारी मंडल महामंत्री समीर कुरेशी, राम हेतु, गिरधारी लाल, हाजी मोहम्मद, सहायक आयुक्त नीरज कुमार सिंह, राज्य कर अधिकारी अंकुर कुमार द्विवेदी आदि व्यापारी मौजूद रहे।