जगदीशपुर (अमेठी)। बारिश के मौसम में करंट लगने और अन्य विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए विद्युत उपकेंद्र जगदीशपुर की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है। अधिशासी अधिकारी सीपी सिंह ने लोगों से अपील की है कि बारिश में बिजली उपकरणों का इस्तेमाल सावधानी से करें।
उन्होंने बताया कि गीले हाथों से किसी भी स्विच, प्लग या विद्युत उपकरण को नहीं छूना चाहिए। टूटे तारों या स्पार्किंग कर रहे खंभों से दूर रहें और ऐसी स्थिति में तत्काल विद्युत विभाग को सूचना दें। बाढ़ग्रस्त या जलभराव वाले क्षेत्रों में पंप या अन्य बिजली उपकरणों से कोई छेड़छाड़ न की जाए। उपखंड अधिकारी अनमोल सिंह कपूर ने कहा कि घर की वायरिंग और अर्थिंग मजबूत रखें। समय-समय पर बिजली उपकरणों की जांच कराना आवश्यक है।
खासकर गीजर, फ्रिज, कूलर और वाशिंग मशीन जैसे उपकरणों की वायरिंग व अर्थिंग विशेषज्ञ से जंचवाएं। बच्चों को भी सतर्क करें और उन्हें खुले तार, बिजली के खंभे या गीली दीवारों से दूर रखें। मोबाइल या लैपटॉप चार्ज करते समय विशेष ध्यान रखें और उपकरणों को बिस्तर या तकिए पर न रखें। अवर अभियंता अश्विनी यादव ने बताया कि किसी आपात स्थिति में विभाग से तुरंत संपर्क करने पर समय रहते दुर्घटना टाली जा सकती है।