अमेठी सिटी। मौसम में बदलाव के कारण लोग बीमार हो रहे हैं। वायरल बुखार संग प्लेटलेट्स कम होने के मरीज बढ़ रहे हें। सबसे अधिक असर कम रोग प्रतिरोधक क्षमता वालों पर पड़ रहा है। बुखार के मरीजों में डेंगू संग टाइफाइड के मरीज बढ़ रहे हैं। मौसम के प्रति सावधानी नहीं बरतने वाले बीमार हो रहे हैं।
कभी बादल तो कभी बारिश, इसके बाद तेज उमस और गर्मी। मौसम का लगातार बदलाव शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर करने के साथ बैक्टीरिया की सक्रियता को बढ़ा रहा है। इससे कमजोर प्रतिरोधक क्षमता में बैक्टीरिया की बढ़ी सक्रियता लोगों को बीमार कर रही है।
बुजुर्ग व बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता युवाओं की तुलना में कम होती है, ऐसे में मौसम का यह मिजाज उसे और कमजोर कर देता है। इससे लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। बुखार के मरीजों को कम से कम एक सप्ताह तक दवा खानी पड़ रही है। इसके बाद ही राहत मिल पा रही है। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. शुभम पांडेय ने बताया कि हर दिन ऐसे मामले आ रहे हैं कि बुखार के मरीजों को 10 से 15 दिन तक इलाज कराना पड़ रहा है। टाइफाइड और डेंगू के मरीज भी आ रहे हैं। बच्चों व बुजुर्गों में प्लेटलेट्स कम होने के ज्यादा मामले आ रहे हैं।