भादर। गाजीपुर स्थित खेल मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय 27वीं श्री दूल्हाराय क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को रानीगंज प्रतापगढ़ और बस्ती टीम के बीच हुआ। रानीगंज के कप्तान रुबान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का निर्णय लिया। ओपनिंग में आयुष व अनुभव की जोड़ी को मैदान में उतारा। दोनों बल्लेबाजों ने 21 रन की साझेदारी की। टीम ने निर्धारित 12 ओवर में छह विकेट खोकर 117 रन बनाए।
जवाब में बस्ती टीम के कप्तान दानवीर ने ओपनिंग में ऋषभ व अंश की जोड़ी को मैदान में उतारा। दोनों बल्लेबाजों ने 10 रन की साझेदारी की। टीम ने 11.2 ओवर में चार विकेट खोकर 118 रन बनाकर छह विकेट से फाइनल मुकाबले में जीत दर्जकर ट्रॉफी अपने नाम की। वेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच बस्ती के दानवीर चुने गए। दानवीर ने छह चौके की मदद से 28 रन बनाकर दो विकेट लिए।
वेस्ट ऑफ द सीरीज का पुरस्कार बस्ती के अनुभव को दिया गया। अनुभव ने चार मैच में 82 रन बनाकर पांच विकेट भी लिए। आयोजक मंडल ने विजेता टीम को एक लाख व उपविजेता टीम को 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया। स्कोरर व कमेंटेटर का कार्य अजय सिंह गांधी व जिम्पी ने किया। अंपायर की भूमिका दिग्विजय सिंह और अर्जुन सिंह ने निभाई। इस दौरान मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक संतोष पांडेय, महेंद्र प्रताप सिंह, रोहित सिंह, प्रदीप सिंह, रवींद्र सिंह, नीरज सिंह, अशोक सिंह हिटलर आदि मौजूद रहे।