अमेठी सिटी। युवाओं को कानून की जानकारी देने और उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति सजग बनाने के उद्देश्य से गौरीगंज में शुक्रवार को कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्री शिवमंगल तिवारी बालिका इंटर कॉलेज सेंभुई में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों को भारतीय न्याय संहिता और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।
प्रभारी निरीक्षक श्याम नारायण पांडेय ने कहा कि नए कानून नागरिकों को सशक्त बनाते हैं और समाज में न्याय की प्रक्रिया को सरल बनाते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को कानून की जानकारी होने से वे न केवल अपने अधिकारों को समझेंगे, बल्कि दूसरों की भी मदद कर सकेंगे। पुलिस टीम के साथ महिला थाना प्रभारी कंचन सिंह भी उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मदद के लिए डायल 112 और 1090 पर संपर्क करें। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही सुरक्षा की पहली शर्त है। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से अपील की कि वे अपने गांव और मोहल्लों में भी इस जानकारी को साझा करें ताकि अधिक लोग कानून की बारीकियों को समझ सकें।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
बाजारशुकुल। आंबेडकर चौराहे पर थाना प्रभारी अभिनेष कुमार ने व्यापारियों और राहगीरों को केंद्र सरकार के तीन नए आपराधिक कानूनों के प्रावधानों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल को सहायता न देने या मौके से भागने पर अब कठोर सजा का प्रावधान है। उन्होंने सभी से यातायात नियमों का पालन करने और कानून का सम्मान करने की अपील की। नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से समाज में कानूनी जागरूकता और जिम्मेदारी दोनों बढ़ती हैं।