अमेठी सिटी। मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल में शुक्रवार को उपचार के दौरान हुई बच्चे की मौत के मामले में पुलिस व जांच टीम को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। घटना के 24 घंटे बाद भी जांच एक कदम आगे नहीं बढ़ सकी है।
पोस्टमॉर्टम के बाद गमगीन परिजनों ने शनिवार को बिना किसी विरोध प्रदर्शन के शव का अंतिम संस्कार दिया। सोमवार को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद जांच शुरू होने की उम्मीद है।
संग्रामपुर थाना क्षेत्र के गांव मड़ौली निवासी फूलचंद्र के दो वर्षीय पुत्र अयांश की संजय गांधी अस्पताल में उपचार के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई थी। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए घंटों हंगामा किया था। अफसरों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया था।
सीएमओ ने डॉ. सुनील कुमार, डॉ. संजय कुमार व डॉ. लईक-उल्ल-जमा की संयुक्त टीम गठित कर वीडियो कैमरे की निगरानी में पोस्टमॉर्टम करवाया। शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों ने गांव में बच्चे के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि पैनल से पोस्टमॉर्टम करवाया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट नहीं मिलने के कारण जांच गति नहीं पकड़ पाई है। एसओ प्रेम चंद्र ने बताया मामले में स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में उपचार में लापरवाही की पुष्टि होने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।