जामो (अमेठी)। स्थानीय थाने के रामशाह नाऊपुर में ग्राम सभा की सुरक्षित भूमि पर स्कूल निर्माण कर संचालित करने की शिकायत ग्रामीण ने मुख्यमंत्री से की। आरोप है कि अफसरों को गुमराह कर मान्यता ली गई। मामला संज्ञान में आने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग जांच में जुटा है।
जामो थाने के जैनपुर गांव निवासी गंगा प्रसाद पांडेय का आरोप है कि रामशाह नाऊपुर ग्राम पंचायत में सुरक्षित भूमि पर स्कूल भवन तैयार कर प्राथमिक स्तर तक की मान्यता हासिल कर ली है। हाईस्कूल तक की कक्षाएं संचालित की जा रही है। जब मुख्यमंत्री व डीएम से की गई शिकायती के बाद बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।
मामला संज्ञान में आते ही बीएसए संजय कुमार तिवारी ने बीईओ जामो की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर मामले की जांच कर रिपोर्ट मांगी है। बीएसए ने बताया कि जांच के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।