अमेठी। आरआरपीजी कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय अंतर महाविद्यालयी बैडमिंटन प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हुआ। पुरुष व महिला वर्ग के मुकाबलों में डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय कैंपस अयोध्या की टीम ने बाजी मारी।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में सेमीफाइनल मैच सुल्तानपुर के केएनआई कॉलेज, अयोध्या के साकेत पीजी कॉलेज व डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय कैंपस अयोध्या और आरआरपीजी कॉलेज अमेठी की टीमों के बीच हुआ। सेमीफाइनल में साकेत पीजी कॉलेज अयोध्या और डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय कैंपस अयोध्या की टीमें विजेता रहीं।
फाइनल मुकाबले में डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय कैंपस अयोध्या ने साकेत पीजी कॉलेज अयोध्या को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं महिला वर्ग में डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय कैंपस अयोध्या और आरआरपीजी कॉलेज अमेठी की टीमों के बीच फाइनल मुकाबला हुआ, जिसमें डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय कैंपस अयोध्या की टीम विजेता रही। प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश त्रिपाठी ने विजेता व उपविजेता टीमों को बधाई दी।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. विनोद सिंह ने कहा कि खेलों में सफलता के लिए शारीरिक व मानसिक दोनों ही स्थितियों का सुदृढ़ होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, जो टीम आज हारती है, वही कल विजेता भी बन सकती है। आयोजन सचिव डॉ. दुष्यंत प्रताप सिंह, क्रीड़ा संयोजक डॉ. उमेश सिंह, समन्वयक डॉ. भगवती थीटे व सह-समन्वयक डॉ. शशि शेखर सिंह ने प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं दीं।