बाजारशुकुल (अमेठी)। हरखूमऊ निवासी अतुल तिवारी (19) की मौत के मामले में शुक्रवार को परिजनों के हंगामे के बाद पांच युवकों के खिलाफ शून्य एफआईआर दर्ज की गई थी। तब से आरोपियों की तलाश के लिए गठित दो टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं लेकिन अभी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। सूचना मिलने के बाद भी कार्रवाई न करने के आरोप में थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।
रामकुमार तिवारी के अनुसार उनका बेटा अतुल 28 मई को भरतपुर-मथुरा से पूजा-पाठ कर लौटते समय लापता हो गया था। 27 मई को अतुल ने परिवार को ट्रेन से लौटने की सूचना दी थी और 28 मई को कानपुर पहुंचने की बात कही थी।
उसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। उसके बड़े भाई को मोबाइल पर धमकी भरी रिकॉर्डिंग भी मिली थी जिसकी जानकारी पुलिस को दी गई। कानपुर-लखनऊ रेलमार्ग पर उन्नाव में अतुल का शव मिलने की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
परिजन थाने के बाहर शव रखकर प्रदर्शन कर चुके हैं। पुलिस ने नामजद आरोपियों शशांक सिंह, ऋतिक सिंह, यश सिंह, ईशू मिश्र और नितेश सिंह की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस की मदद से लोकेशन की ट्रैकिंग शुरू कर दी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएग।
एसओ निलंबित, आरोपियों की हो रही तलाश
एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि मामले में लापरवाही के आरोप में बाजारशुकुल के एसओ दयाशंकर मिश्र को निलंबित कर दिया गया है। उन्नाव के सोहरामऊ थाने से जुड़ा यह मामला अभी ट्रांसफर प्रक्रिया में है, वहीं थाने की कमान फिलहाल किसी को सौंपी नहीं गई है। आरोपियों की तलाश में दो टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तार कर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।